हर घर तिरंगा’ के संदेश के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा

 

राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा जगदलपुर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

 

जगदलपुर 11 अगस्त . ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज जगदलपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारों के साथ निकली इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर एसबीआई चौक, चांदनी चौक, हनुमान चौक एवं संजय मार्केट होते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को हर घर में सम्मानपूर्वक फहराने का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा में महापौर श्री संजय पांडेय, नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य श्री कमलचन्द्र भंजदेव, एमआईसी सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत श्री तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। यात्रा के समापन अवसर पर राट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान गायन के साथ राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष उत्साह और गरिमा प्रदान की।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

’हर घर तिरंगा’ एक अभियान है जो आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य लोगों को तिरंगा घर लाने और भारत की स्वतंत्रता के उपलक्ष्य में इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करना था। यह इस विचार से प्रेरित था कि राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारा संबंध हमेशा से व्यक्तिगत से अधिक औपचारिक और संस्थागत रहा है। इसलिए एक राष्ट्र के रूप में सामूहिक रूप से ध्वज को घर लाना न केवल तिरंगे के साथ व्यक्तिगत जुड़ाव का प्रतीक बन गया, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बन गया। इस पहल के पीछे का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।

इस वर्ष हर घर तिरंगा 2026 वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने की भावना को समर्पित है, जो देशभक्ति, तिरंगे पर गर्व और हमारे राष्ट्रीय गीत में निहित मातृभूमि के प्रति प्रेम का जश्न मनाना है। प्रदेश सरकार इस वर्ष 7 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चला रही है, हर दिन अलग-अलग गतिविधि आयोजित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *