दंतेवाड़ा: स्थानीय युवाओं ने NMDC के खिलाफ खोला मोर्चा, रोजगार की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू

दंतेवाड़ा, 28 नबम्बर । बैलाडीला में स्थानीय युवाओं ने रोजगार में प्राथमिकता की मांग को लेकर NMDC के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय बेरोजगार संघ के नेतृत्व में युवाओं ने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया है। युवाओं का कहना है कि बैलाडीला की पहाड़ियों से निकलने वाला लौह अयस्क देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, लेकिन जिनके क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग हो रहा है, उन्हीं स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।

आंदोलनकारियों का आरोप है कि NMDC की बचेली और किरंदुल परियोजनाओं में भर्ती के दौरान स्थानीय युवाओं को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी जाती। उनका कहना है कि वे किसी विशेष रियायत की नहीं, बल्कि अपने जिले के संसाधनों से जुड़े रोजगार में उचित हिस्सेदारी की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय युवा रवि नाग ने कहा कि वे भीख नहीं, बल्कि अपने अधिकार की मांग कर रहे हैं। युवाओं ने आरोप लगाया कि आंदोलन को कमजोर करने के लिए कर्मचारियों, मजदूरों और ठेकेदारों पर दबाव बनाया जा रहा है। ठेका समाप्त करने और भुगतान रोकने जैसी चेतावनियां देने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इन आरोपों पर NMDC प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *