नारायणपाल विष्णु मंदिर में दर्ज है छिंदक नागवंशी राजाओं का गौरवशाली इतिहास

1111 ईस्वी में महारानी गुंड महादेवी ने कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित किया था भव्य भूमि दान समारोह

‘सवत्स धेनु व्याघ्र’ राजकीय लांछन से अंकित है अभिलेख, गाय-बछड़े का चित्रांकन छिंदक वंश की पहचान

जगदलपुर ( रोहन कुमार  )बस्तर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत अपने भीतर मध्यकालीन वैभव की अनेक गाथाएं समेटे हुए है। इसी विरासत का महत्वपूर्ण प्रमाण जगदलपुर से लगभग 35 किलोमीटर दूर नारायणपाल ग्राम में स्थित प्राचीन विष्णु मंदिर है। इंद्रावती और नारंगी नदियों के संगम के समीप स्थित यह मंदिर चक्रकोट के छिंदक नागवंशी राजवंश के इतिहास, धार्मिक परंपराओं और तत्कालीन शासन व्यवस्था की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है। ग्यारहवीं सदी में निर्मित यह मंदिर अपने स्थापत्य के साथ-साथ यहां उत्कीर्ण शिलालेख के कारण भी ऐतिहासिक महत्व रखता है।
इतिहास के सहायक प्राध्यापक ओम प्रकाश सोनी के अनुसार, मंदिर का प्रारंभिक निर्माण भगवान शिव को समर्पित था। बाद में यहां भगवान विष्णु की प्रतिमा प्रतिष्ठापित की गई। बस्तर में कार्तिक मास को विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त था। नारायणपाल विष्णु मंदिर में उत्कीर्ण शिलालेख इस परंपरा का महत्वपूर्ण ऐतिहासिक साक्ष्य है।

1111 ईस्वी का भूमि दान समारोह

शिलालेख के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वर्ष 1111 ईस्वी में महारानी गुंड महादेवी ने भव्य दान समारोह आयोजित किया था। इस अवसर पर महारानी ने प्रधानमंत्री आदित्य भट्ट, सूत्रधार रणवीर, मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम पंडित सहित अनेक लोगों को करमुक्त भूमि दान में प्रदान की थी। इस समारोह में दूर-दराज के क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय थी। अभिलेख में दो दर्जन से अधिक दानग्राहियों के नाम दर्ज हैं।

यह विवरण तत्कालीन बस्तर की धार्मिक आस्था के साथ प्रशासनिक व्यवस्था,सामाजिक संरचना और विभिन्न क्षेत्रों के साथ उसके संपर्कों पर भी प्रकाश डालता है। नारायणपाल के अतिरिक्त लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र के गढ़िया ग्राम स्थित मंदिर में भी कार्तिक माह में दान पर्व मनाए जाने के प्रमाण मिलते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि छिंदक नागवंशी शासनकाल में कार्तिक मास को धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से विशेष महत्व प्राप्त था।

‘सवत्स धेनु व्याघ्र’ था छिंदक वंश का राजकीय लांछन

नारायणपाल मंदिर का शिलालेख छिंदक नागवंशी राजाओं की राजकीय पहचान के अध्ययन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। चक्रकोट के छिंदक वंश का राजकीय लांछन ‘सवत्स धेनु व्याघ्र’ था। इसका आशय बछड़े सहित गाय और उसकी रक्षा करते व्याघ्र अर्थात बाघ से है। छिंदक वंश के राजकीय अभिलेखों में इस प्रतीक का अंकन मिलता है। गाय और बछड़े का चित्रांकन इसी राजकीय पहचान की परंपरा को दर्शाता है।

रोहन कुमार घोष (सांसद बस्तर मीडिया प्रतिनिधि)

नारायणपाल विष्णु मंदिर का अभिलेख भी इस परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह अभिलेख छिंदक नागवंशी शासक कन्हरदेव के राजत्वकाल से संबंधित है। इस प्रकार यह शिलालेख तत्कालीन राजसत्ता, राजकीय प्रतीकों और अभिलेखीय परंपरा को समझने का महत्वपूर्ण आधार प्रस्तुत करता है।

संरक्षण और व्यापक पहचान की आवश्यकता

नारायणपाल विष्णु मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता केवल एक धार्मिक स्थल तक सीमित नहीं है। यह बस्तर के मध्यकालीन इतिहास, छिंदक नागवंशी शासन, राजकीय प्रतीकों, भूमि दान की परंपरा और तत्कालीन सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। वर्तमान में मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है, लेकिन इसकी ऐतिहासिक पहचान और यहां मौजूद अभिलेखीय धरोहरों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार की दिशा में निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

विश्व विरासत सप्ताह के अवसर पर नारायणपाल जैसे ऐतिहासिक स्थलों को व्यापक पहचान दिलाना, उनके शिलालेखों एवं पुरातात्विक अवशेषों का संरक्षण करना और बस्तर के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। बस्तर की यह विरासत केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि हमारी ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण आधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *