केरलापाल केंद्र से 22.40 क्विंटल की पहली बोहनी
पूर्व विधायक श्री मनीष कुंजाम ने बेचा पहला धान
सुकमा/ जिला प्रशासन की मुस्तैदी और किसानों के प्रति संवेदनशीलता के साथ सुकमा जिले में खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान का विधिवत पूजा अर्चना के साथ शुभारंभ हो गया है। जिले के धान उपार्जन केंद्र केरलापाल से इस सत्र की पहली खरीदी दर्ज की गई, जहाँ रामाराम निवासी कृषक एवं पूर्व विधायक श्री मनीष कुंजाम ने 22.40 क्विंटल धान का विक्रय कर इस महापर्व की शुरुआत की। प्रशासन द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और सम्मानजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ पहले ही दिन केंद्रों पर उत्साहजनक माहौल देखने को मिला।
जिला प्रशासन ने कृषकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी 27 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी हेतु समस्त आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। किसानों को बिना किसी परेशानी के धान बेचने की सुविधा प्रदान करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है। अब अन्नदाता सीधे समितियों के माध्यम से अथवा घर बैठे ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल एप्प के जरिए स्वयं टोकन जारी कर इस योजना का सीधा लाभ उठा सकते हैं, जिससे समय की बचत के साथ-साथ बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है।
उपार्जन केंद्रों में भीड़ से बचने तथा धान की नियंत्रित एवं सुव्यवस्थित खरीदी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा भूमि जोत के आधार पर टोकन जारी करने की स्पष्ट नीति निर्धारित की गई है। इसके तहत 2 एकड़ से कम भूमि वाले किसानों को एक टोकन, 2 एकड़ से 10 एकड़ तक की भूमि वाले किसानों को दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि जोत वाले कृषकों को तीन टोकन प्रदाय किए जाएंगे। प्रशासन की इस सुदृढ़ और किसान-हितैषी कार्ययोजना से जिले के समस्त कृषकों में हर्ष व्याप्त है और सुचारू धान उपार्जन की राह प्रशस्त हुई है।