प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जिले में सौर ऊर्जा को मिल रहा बढ़ावा

जिले के 327 से अधिक घरों में स्थापित हुए सोलर संयंत्र, बिजली बिल में मिल रही राहत

नारायणपुर, 12 नवंबर . जिले में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा आम नागरिकों को बिजली खर्च से राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना के प्रति जिले के नागरिकों में जागरूकता और रुचि बढ़ने लगी है। इसका सकारात्मक परिणाम यह है कि अब तक जिले के 327 से अधिक घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ ही स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की गई थी। इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रमुख उद्देश्य देशभर के एक करोड़ परिवारों को रूफटॉप सोलर संयंत्र की सुविधा से जोड़ना है, ताकि घरेलू उपभोक्ता अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर बिजली की जरूरतों को स्वयं पूरा कर सकें। केंद्र सरकार द्वारा योजना के प्रभावी संचालन के लिए 75,021 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मापदंडों के अनुसार 3 किलोवाट तक की क्षमता वाले रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना पर केंद्रीय वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इससे सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराने की लागत का बोझ कम होता है और आम परिवारों के लिए इस सुविधा को अपनाना आसान बनता है।
सौर ऊर्जा से बिजली बिल में मिल रही बड़ी राहत
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर नारायणपुर शहर के जागरूक विद्युत उपभोक्ता श्री हरीश कुमार ठाकुर ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र स्थापित कराया है। सौर ऊर्जा के उपयोग से उनके घरेलू बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है। श्री ठाकुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित कराने के बाद उनके सितंबर माह का विद्युत बिल शून्य आया। इससे उन्हें बिजली खर्च में काफी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि घर की छत पर सोलर संयंत्र स्थापित कर बिजली की जरूरतों को पूरा करने का यह एक अच्छा विकल्प साबित हो रहा है।
श्री ठाकुर का यह अनुभव जिले के अन्य विद्युत उपभोक्ताओं के लिए भी प्रेरणादायक है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर नागरिक न केवल अपने घरेलू खर्च में बचत कर सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सौर ऊर्जा का उपयोग भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल
सौर ऊर्जा एक स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत है। इसके उपयोग से बिजली उत्पादन के लिए पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलती है। साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान है। घरों की छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित होने से उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग होता है और परिवार अपनी बिजली संबंधी जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा स्वयं पूरा कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के परिवारों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। विशेष रूप से ऐसे घरेलू उपभोक्ता, जो नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इस योजना के माध्यम से दीर्घकालिक बचत की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। योजना से जुड़कर नागरिक स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकते हैं।
अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से योजना का लाभ लेने की अपील
जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूक बनें और पात्रता के अनुसार इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अपने घरों की छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित कर बिजली बिल में बचत करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *