
जगदलपुर 11 नवम्बर । नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के साथ ही बस्तर संभाग के अंदरूनी और दूरस्थ आदिवासी अंचलों में बदलाव की नई तस्वीर उभर रही है। कभी हिंसा, भय और असुरक्षा से प्रभावित रहने वाले गांव अब शांति, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यह बदलाव बस्तर के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की उम्मीद जगा रहा है।
दशकों तक नक्सलवाद के कारण अनेक दूरस्थ गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। स्कूल, सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य सेवाओं और संचार नेटवर्क की कमी के चलते ग्रामीणों का मुख्यधारा से जुड़ाव सीमित था। अब सुरक्षा बलों और प्रशासन के प्रयासों से अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क और परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों, आश्रम शालाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं हाट-बाजार क्लीनिक, स्वास्थ्य केंद्र और चलित चिकित्सा इकाइयों के जरिए ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
आर्थिक विकास के लिए हल्दी, इमली, कोदो-कुटकी, बांस और महुआ, तेंदूपत्ता, लाख एवं शहद जैसी स्थानीय वनोपज को बढ़ावा देने की संभावनाएं हैं। महिलाओं और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपात और जनजातीय संस्कृति पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं।
बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त होकर बस्तर संभाग शांति, सुरक्षा और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है। हमारा उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में विश्वास पैदा करना, उन्हें उनके अधिकारों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना भी है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में स्थायी शांति, जनविश्वास और समग्र विकास के लिए पुलिस, प्रशासन एवं आम जनता के समन्वित प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
बंदूक की जगह विकास, भय की जगह विश्वास और अलगाव की जगह जुड़ाव की सोच के साथ बस्तर अब एक नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। गांवों में शिक्षा, रोजगार और बेहतर जीवन की उम्मीदें इस बदलाव को नई दिशा दे रही हैं।