मोती ज्वेलर्स चोरीकांड का खुलासा, महिला-बच्चों के गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार

765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद, स्कॉर्पियो, ऑटो और मोटरसाइकिल जब्त; तीन आरोपी अब भी फरार

जगदलपुर। शहर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी का बस्तर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। शातिर गिरोह महिलाओं और बच्चों को आगे कर दुकानदारों का ध्यान भटकाता था और मौका मिलते ही आभूषण पार कर देता था। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालिका को न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, ऑटो और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे त्योहार की भीड़ के दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह मोती ज्वेलर्स पहुंचा। आभूषण खरीदने के बहाने महिलाओं ने दुकान संचालिका का ध्यान भटकाया। इसी दौरान एक महिला ने दराज में रखे सोने के आभूषणों से भरे बॉक्स को निकालकर एक बालिका को सौंप दिया। शाम करीब 7:30 बजे बॉक्स गायब होने का पता चलने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें चोरी की पूरी गतिविधि सामने आई।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को एक स्कॉर्पियो वाहन का सुराग मिला। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस की टीम कोड़ेनार क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव पहुंची। आरोपी चोरी का सामान लेकर जंगल में छिप गए थे। पुलिस ने थर्मल कैमरा ड्रोन और पैदल तलाशी की मदद से जंगल की घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप शामिल हैं। वहीं मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन (आईपीएस) के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर सहित कोतवाली और विशेष टीमों के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *