इंद्रावती टाइगर रिजर्व जंगल सफारी का उल्लूर में वर्चुअल शुभारंभ

भोपालपटनम,  01 नवम्बर । बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उल्लूर में रविवार को इंद्रावती टाइगर रिजर्व जंगल सफारी का वर्चुअल शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में किया गया। जंगल सफारी की शुरुआत को क्षेत्र में पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे भोपालपटनम क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस पहल से इंद्रावती टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीवों और जैव विविधता को देखने के लिए पर्यटकों को नया अवसर मिलेगा। साथ ही पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा ग्रामीणों को आजीविका के नए साधन उपलब्ध होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुल्लैया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता कूड़ेम, उपाध्यक्ष नीलम गणपत, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष फारुख खान, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मुरली चांडक, जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष टी. गोवर्धन एवं भाजपा मंडल मंत्री साईकृष्णा चेट्टी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वहीं प्रशासनिक एवं वन विभाग के अधिकारियों में जिला कलेक्टर विश्वदीप, वन विभाग के सीसीएफ, वन मंडल अधिकारी तथा बीजापुर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि भोपालपटनम क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता रहा है। अब क्षेत्र में शांति, विकास और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर नई उम्मीदें दिखाई दे रही हैं। इंद्रावती टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी की शुरुआत इसी बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आने वाले समय में भोपालपटनम को पर्यटन के एक नए केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *