जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 में युवाओं और कलाकारों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा*

अतिथियों ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर किया उत्साहवर्धन

जगदलपुर, 31 अक्टूबर. खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम स्थित प्रशिक्षण हॉल में शुक्रवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का गरिमामय आयोजन किया गया। इस उत्सव का शुभारंभ बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप की अध्यक्षता में माता सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शुभारंभ अवसर पर जगदलपुर महापौर श्री संजय पाण्डे, जिला पंचायत सदस्य और खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति श्री बनवासी मौर्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना, ‘माय भारत’ के युवा अधिकारी श्री कुमार शिवम तथा प्रभारी सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री सुशांत पॉल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

जिले के समस्त विकासखंडों से पहुंचे प्रतिभावान युवाओं एवं कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेशभूषा तथा क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज जैसी कुल सात विधाओं में अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न विधाओं में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद परिणाम घोषित किए गए, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में छिंदावाड़ा की बिट्टो नाग व कुंम्बती मौर्य ने प्रथम तथा बास्तानार की ज्योति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में जगदलपुर के सोमनाथ कंवर प्रथम और बस्तर के लोकनाथ कश्यप द्वितीय रहे। आधुनिक दौर के क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज में बास्तानार के शिव सेठिया ने पहला व जगदलपुर की साईमा ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं कविता लेखन में जगदलपुर के श्री कृष्णा राज प्रथम और श्री भोजराज साहू द्वितीय स्थान पर रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में लोकनृत्य स्पर्धा में दरभा के मानसाय एवं साथी प्रथम तथा किलेपाल के गणेश राम एवं दल द्वितीय स्थान पर रहे। लोकगीत विधा में बास्तानार की बत्ती मंडावी ने प्रथम व दरभा की निरमनी नाग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नुक्कड़ नाटक में लोहण्डीगुड़ा के मैथिली करतामी एवं साथी प्रथम और जगदलपुर के जितेन्द्र एवं साथियों का दल द्वितीय स्थान पर रहा। इन सभी विधाओं के निष्पक्ष मूल्यांकन हेतु वरिष्ठ उद्घोषक श्री जी. श्याम, शतरंज संघ अध्यक्ष श्री शशांक शेंडे, प्रोफेसर योगेन्द्र मोतीवाला सहित 22 सदस्यीय निर्णायक मंडल उपस्थित रहा, जिन्हें बाद में स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं सम्मान निधि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिसके तहत दलीय स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हेतु 4000 रुपए व द्वितीय हेतु 3000 रुपए तथा एकल स्पर्धाओं में प्रथम स्थान के लिए 1500 रुपए व द्वितीय स्थान के लिए 1000 रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेता प्रतिभागी आगामी 1 से 7 दिसंबर तक बिलासपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां सफलता प्राप्त कर वे राष्ट्रीय युवा उत्सव में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *