पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर 5.90 लाख की ऑनलाइन ठगी, अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर, 16 अक्टूबर। बस्तर पुलिस ने सेवानिवृत्त शिक्षक से पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर ₹5 लाख 90 हजार की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फेसबुक पर पेंशन कार्ड बनाने से संबंधित विज्ञापन के जरिए आवेदक की जानकारी हासिल की और उनके बैंक खाते से रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर ठगी की। मामले में थाना फ्रेजरपुर (परपा) में अपराध क्रमांक 241/2026 दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर कोलकाता में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 82 एटीएम कार्ड, 6 नए मोबाइल, 25 हजार रुपये नकद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अन्य राज्यों में भी इस गिरोह के संभावित साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *