राहत शिविर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना ने वितरित किया सूखा राशन, कपड़े एवं कंबल

 

जगदलपुर। जगदलपुर में भारी बारिश एवं बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक संगठन लगातार आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना की ओर से भगत सिंह स्कूल स्थित राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन, कपड़े एवं कंबल का वितरण किया गया।
इस सेवा कार्य में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना की संभाग अध्यक्ष वंदना भदौरिया के नेतृत्व में ममता सिंह राणा, अंजू सिंह, अक्षत परिहार, उमेश सिंह एवं लोकेश सिंह सहित सदस्यों ने राहत शिविर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष वंदना भदौरिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में हम उन सभी परिवारों के साथ खड़े हैं, जिन्हें भारी बारिश एवं बाढ़ के कारण नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना द्वारा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सेवा कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद की जाएगी।
राहत शिविर में मौजूद प्रभावित परिवारों ने सहायता के लिए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *