उड़ीसा से आगरा ले जा रहा था 8.414 किलो गांजा, नगरनार पुलिस ने तस्कर को दबोचा

जगदलपुर। उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश के आगरा ले जाए जा रहे गांजे की तस्करी का नगरनार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8.414 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 20 हजार 700 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पीठ्ठू बैग में गांजा लेकर उड़ीसा से धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर नगरनार पुलिस की टीम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका पहुंची और आने-जाने वाले लोगों की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सिकन्दर पिता गुलाब सिंह (26), निवासी ग्राम नगला हट्टी, थाना मलपुरा, जिला आगरा, उत्तरप्रदेश बताया।
पुलिस ने उसके पास मौजूद पीठ्ठू बैग की तलाशी ली। बैग से तीन पैकेट में कुल 8.414 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन और 3 हजार रुपए नकद भी जब्त किए हैं। बरामद गांजे की कीमत करीब 4.20 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 132/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि दिनेश सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अजय साहू, लुईस लकड़ा, आरक्षक दशरू नाग, सुकमन पाण्डे, बलराम कश्यप, चंद्रकुमार कंवर और भुनेश्वर बाकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *