जगदलपुर, 03 सितंबर। जगदलपुर के नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को फिल्मी अंदाज में दबोच लिया। शराब दुकान के पास पुलिस ने आरोपी को चारों तरफ से घेरा और पिस्टल की नोक पर काबू में कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में हुई है, जो ओडिशा से फरार होकर बस्तर पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस को आरोपी के जगदलपुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम सिविल ड्रेस में नए बस स्टैंड पहुंची और शराब दुकान के आसपास निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही आरोपी नजर आया, पुलिसकर्मियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
गिरफ्तारी का वीडियो भी सामने आया है। इसमें पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उसके सिर के पास पिस्टल तनी नजर आती है। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी की आवाज भी सुनाई देती है।
ओडिशा पुलिस के मुताबिक, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। उस पर बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग करने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद हुआ है।
पुलिस अब बस्तर के गिरोला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं में भी आरोपी की कथित भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद ओडिशा पुलिस उसे अपने साथ ले गई।