साइकिल मिलने से स्कूल आने में मिली सुविधा बालिकाओं में खुशी की लहर
नारायणपुर, 06 अगस्त 2026// छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर में पात्र छात्राओं को सायकलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष इन्द्रप्रसाद बघेल ने कहा कि राज्य शासन की यह योजना बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सायकल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा वे आत्मविश्वास के साथ अपने शैक्षणिक लक्ष्य प्राप्त कर सकेंगी।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी ने कहा कि यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इससे छात्राओं की शिक्षा तक पहुंच आसान होगी और वे बिना किसी कठिनाई के नियमित रूप से विद्यालय में अध्ययन कर सकेंगी। विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि सरस्वती सायकल योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन की एक प्रभावी पहल है। उन्होंने सभी छात्राओं से इस अवसर का सदुपयोग करते हुए मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अनिल खोब्रागढ़े ने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को परिश्रम, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद कोरी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने छात्राओं से उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाते हुए निरंतर अध्ययन के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने का आग्रह किया। इस अवसर पर उपसंचालक समाज कल्याण श्याम सुंदर रैदास, वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद हेमंत कुमार पात्र, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की उपाध्यक्ष महादेवी यादव सहित समिति के सदस्यों ने भी छात्राओं को योजना का अधिकतम लाभ उठाने, नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। सायकल प्राप्त करने के बाद छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सरस्वती नेताम, गोपी पोटाई, भागवती वड्डे सहित अन्य छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे वे नियमित अध्ययन कर अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।