तेज बारिश में भी नहीं रुकी जनचौपाल, आम के पेड़ के नीचे बैठकर कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

सुकमा. लगातार हो रही तेज बारिश भी प्रशासन की जनसुनवाई को नहीं रोक सकी। जिले के कोंडासावली गांव में कलेक्टर अमित कुमार ने आम के पेड़ के नीचे छाता ओढ़कर ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर भी मौजूद रहे।

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं, आवागमन और वनाधिकार पट्टों से जुड़े मुद्दे उठाए। कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए एंबुलेंस स्वीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य सड़क से स्वास्थ्य केंद्र तक मरीजों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए पेवर ब्लॉक रैंप निर्माण कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

वनाधिकार पट्टों के संबंध में कलेक्टर ने बताया कि सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है और करीब डेढ़ माह के भीतर पात्र ग्रामीणों को वनाधिकार पट्टों का वितरण कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

बारिश के बीच आम के पेड़ के नीचे लगी यह जनचौपाल प्रशासन की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यशैली का उदाहरण बनी। ग्रामीणों ने भी विपरीत मौसम में गांव पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और त्वरित निर्णय लेने के लिए कलेक्टर का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *