
सुकमा . जिले के पोलमपल्ली गांव में ईसाई धर्म अपनाने वाले तीन परिवारों का ग्रामीणों ने विरोध किया। विरोध के दौरान ग्रामीण इन परिवारों के सामाजिक बहिष्कार की मांग को लेकर लामबंद हो गए। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब विरोध कर रहे लोगों ने तीनों परिवारों के घरों की छतें भी हटा दीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद प्रदर्शनकारी मौके से हट गए और स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए एहतियात के तौर पर पोलमपल्ली में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।