बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 214 किलो गांजा जब्त, 1 करोड़ से अधिक की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार

जगदलपुर . बस्तर जिले के नगरनार थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका में नाकेबंदी की गई। इस दौरान उड़ीसा से जगदलपुर की ओर आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप (UP-52-T-2094) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में रखी 9 प्लास्टिक बोरियों से कुल 105 पैकेट गांजा, जिनका वजन 214.300 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये है, बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय पाण्डेय (34 वर्ष) निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी सोनू यादव मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप, एक मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(ग) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *