मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में उमड़ रही नागरिकों की भीड़, योजनाओं की मिल विस्तृत जानकारी
दंतेवाड़ा, 16 जून 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सुशासन, विकास एवं जनकल्याण के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दंतेवाड़ा के मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय छायाचित्र एवं विकास प्रदर्शनी आम नागरिकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई थी। प्रदर्शनी के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों की उपलब्धियों का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में आकर्षक छायाचित्रों, एलईडी स्क्रीन तथा पारंपरिक कला जत्था की प्रस्तुतियों के माध्यम से शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है। नागरिक योजनाओं से जुड़ी जानकारियों को न केवल देख रहे हैं, बल्कि उनके सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों को भी समझ रहे हैं। प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, वित्तीय समावेशन, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, गरीब कल्याण तथा आधारभूत संरचना विकास जैसे विषयों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। विभिन्न छायाचित्रों एवं तथ्यात्मक जानकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी प्रमुख योजनाओं से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को दर्शाया गया है। कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं पर आधारित जानकारीपरक पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। नागरिकों ने पुस्तिकाओं के माध्यम से योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया संबंधी जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में पहुंच रहे लोगों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के प्रति विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिल रही है। यह आयोजन सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है।