गट्टाकाल के जंगल में 3 किलो का प्रेशर कुकर IED बरामद, सुरक्षा बलों ने किया निष्क्रिय

कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र कोयलीबेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम गट्टाकाल के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान जिला पुलिस, बीएसएफ एवं बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की टीम ने लगभग 3 किलोग्राम वजनी एक प्रेशर कुकर आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में जिले के संवेदनशील एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत शनिवार 6 जून 2026 को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के ग्राम गट्टाकाल के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा सघन सर्चिंग की जा रही थी। इस दौरान सुरक्षा बलों ने एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया। मौके पर मौजूद बीडीएस टीम ने सतर्कता बरतते हुए आईईडी को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया, जिससे किसी भी संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया।

अभियान में एसी बीएसएफ जगपाल, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, इंस्पेक्टर बीएसएफ जगदीश प्रसाद, उप निरीक्षक महेंद्र सिंह, सौरभ यादव एवं नवीन प्रकाश सिंह सहित सुरक्षा बलों के जवान शामिल रहे।

कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *