जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में हंगामा, नवजात के परिजन पर महिला गार्ड से अभद्रता का आरोप

कोण्डागांव —जिला अस्पताल कोण्डागांव के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) वार्ड में देर रात एक नवजात के परिजन द्वारा महिला सुरक्षा गार्ड और अस्पताल स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एसएनसीयू वार्ड में भर्ती एक नवजात के परिजन पर ड्यूटी पर तैनात महिला सुरक्षा गार्ड के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला गार्ड का हाथ पकड़कर खींचा, जिससे उसकी चूड़ियां टूट गईं। इसके अलावा मोबाइल छीनने का प्रयास करने तथा रास्ता रोककर वार्ड का दरवाजा बंद करने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के दौरान मौजूद अस्पताल कर्मचारियों ने दावा किया है कि पूरे घटनाक्रम के वीडियो और फोटो उनके पास मौजूद हैं। अस्पताल स्टाफ का कहना है कि ड्यूटी के दौरान महिला कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार गंभीर मामला है, जिस पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने भी गंभीरता दिखाई है। एसएनसीयू वार्ड प्रभारी डॉ रूद्र कश्यप ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और संबंधित व्यक्ति की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई जाएगी ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

घटना के बाद अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में नाराजगी देखी गई। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की वास्तविक स्थिति और तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य एकत्र करने में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *