सहकार से समृद्धि’ को गति देने बस्तर पहुंचे आयुक्त महादेव कावरे

सात जिलों की समीक्षा बैठक में किसानों, समितियों और गोदाम निर्माण पर फोकस

खाद-बीज वितरण, ऋण लक्ष्य और धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश, ‘सहकार से समृद्धि’ योजना की हुई गहन समीक्षा

 

जगदलपुर। बस्तर संभाग के सात जिलों में सहकारिता विभाग के कार्यों की समीक्षा के लिए कोण्डागांव सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहकारिता आयुक्त एवं पंजीयक सहकारी समितियां, आईएएस महादेव कावरे ने की। समीक्षा के दौरान किसानों को खाद-बीज वितरण एवं ऋण वितरण की स्थिति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में धान उपार्जन केन्द्रों में शेष धान के अंतिम निराकरण को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। आयुक्त ने सभी जिलों के जिला विपणन अधिकारियों (डीएमओ) को उपार्जित धान के उठाव की प्रगति नियमित रूप से टीएल बैठक में कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि धान परिवहन और भंडारण व्यवस्था में तेजी लाई जा सके।

प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी गोदाम निर्माण योजना की समीक्षा करते हुए बताया गया कि बस्तर संभाग के लिए 15 नए गोदाम स्वीकृत किए गए हैं। आयुक्त ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) से समन्वय कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2022-23 में स्वीकृत कोण्डागांव जिले की समिति छिनारी के निर्माणाधीन गोदाम को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में ‘सहकार से समृद्धि’ योजना अंतर्गत पैक्स कम्प्यूटरीकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने माईक्रो एटीएम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक ट्रांजेक्शन सुनिश्चित करने, एटीएम कार्ड वितरण में तेजी लाने तथा सीएससी लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से संचालित जनहित योजनाओं को समिति स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने समितियों के सभी सदस्यों एवं धान विक्रय करने वाले किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) उपलब्ध कराने और ऋण वितरण बढ़ाने पर विशेष बल दिया।

बैठक में संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक बिनोद कुमार बुनकर, बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंवर सिंह ध्रुव, उपायुक्त एवं उप पंजीयक, सहायक आयुक्त/सहायक पंजीयक सहित सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कोण्डागांव के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *