कांकेर की 15 युवतियां झारखंड में बंधक ।

नर्सिंग का काम करने वहां गई थी

कांकेर / सुशासन तिहार मनाए जाने की खबरों के बीच एक हैरान कर देने वाली खबर है। नौकरी दिलाने के नाम पर छत्तीसगढ़ की युवतियों को झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। कांकेर और अन्य जिलों की करीब 35 युवतियों के गढ़वा जिले में फंसे होने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई है। बताया जा रहा है कि युवतियों को रोजगार का लालच देकर झारखंड बुलाया गया था। इनमें से 15 युवतियां कांकेर की है । वे सभी नर्सिंग का काम करने वहां गई थी। मगर वहां पहुंचने के बाद उनसे जबरन काम कराया जा रहा है। कांकेर जिले के कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीर सागर नेे मीडिया को बताया है कि इस प्रकरण पर गढ़वा जिले के कलेक्टर से संपर्क किया गया है।
गांव के युवक ने बताया कि दुर्गूकोंदल की युवती के विडियो से इस बात का खुलासा हुआ है। युवती ने गांव के युवक को मदद की गुहार लगाते हुए संदेश भेजा है। युवती ने अपने मैसेज में कहा कि नौकरी के बहाने ले जाकर जबरन रोका गया। ना तो पैसा दिया जा रहा है और न ही घर जाने की अनुमति मिल रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया में वीडियो और मैसेज वायरल होने के बाद से हड़कंप मच गया है। युवतियों के परिजन परेशान हो रहे हैं और सभी को लेने झारखंड जाने की बात सामने आई है। इस मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ललित नरेटी की पहल पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। इस मामले को लेकर झारखंड के गढ़वा प्रशासन और पुलिस से संपर्क किया गया है। गढ़वा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच और तलाश अभियान शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *