नारायणपुर और कांकेर के सीमावर्ती क्षेत्र में हुए आईईडी विस्फोट में चार जांबाज जवानों ने देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
शहीद जवानों को नारायणपुर पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ भावभीनी अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया जा रहा है कि शहीदों में नारायणपुर जिले के तीन वीर जवान शामिल हैं, जिनकी शहादत ने पूरे जिले को गमगीन कर दिया है। अंतिम सलामी के बाद सभी शहीदों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना कर दिया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस हृदय विदारक पल में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं, लेकिन दिल में वीर जवानों के बलिदान पर गर्व भी साफ झलक रहा था।
देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले इन वीर सपूतों को शत-शत नमन।