जगदलपुर, 02 मई . कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह शनिवार को बस्तर जिले के तहसील करपावंड के अंतर्गत ग्राम चिउरगांव पहुंचे, जहां उन्होंने जनगणना प्रगणकों के द्वारा घर-घर जाकर की जा रही पूछताछ और जानकारी दर्ज करने की पद्धति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान संबधित परिवार के सदस्यों से भी चर्चा की और जनगणना के महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें परिवार की पूरी एवं सही जानकारी देने की समझाईश दी।
कमिश्नर श्री सिंह ने जनगणना कार्य की गंभीरता को देखते हुए मौके पर उपस्थित प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया के दौरान डेटा प्रविष्टि में किसी भी प्रकार की तकनीकी या मानवीय त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण में आधार स्तंभ होते हैं, इसलिए प्रत्येक जानकारी की सत्यता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। कमिश्नर ने जनगणना कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के लिए प्रोत्साहित किया, साथ ही उनके समर्पण और कार्यशैली की सराहना भी की। इस दौरान एसडीएम श्री मनीष वर्मा, तहसीलदार श्री रूपेश मरकाम सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।