मुठभेड़ में दो इनामी माओवादी ढेर, इन्द्रावती क्षेत्र में बड़ा अभियान

बीजापुर। थाना जांगला क्षेत्र के जैगुर-डोडुम इलाके में इन्द्रावती नदी के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वर्दीधारी इनामी माओवादी मारे गए। घटनास्थल से आधुनिक हथियारों सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक एवं नक्सली सामग्री बरामद की गई है.

पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि भैरमगढ़ एरिया कमेटी के सशस्त्र कैडरों की मौजूदगी की विशेष सूचना पर 25 फरवरी की शाम DRG की टीम सर्च ऑपरेशन पर रवाना हुई थी। 26 फरवरी की सुबह लगभग छह बजे सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच आमने-सामने मुठभेड़ शुरू हुई, जो कुछ समय तक जारी रही। जवाबी कार्रवाई के बाद क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी ली गई, जिसमें दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए।
दोनों पर पाँच-पाँच लाख रुपये का इनाम
मृत माओवादियों की पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी सदस्य ACM हिचामी मडडा और ACM मनकी पोडियम के रूप में की गई है। दोनों पर पाँच-पाँच लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे कई नक्सली घटनाओं में सक्रिय रूप से संलिप्त बताए जा रहे थे।

मुठभेड़ स्थल से एक SLR राइफल, एक INSAS राइफल, बारह बोर बंदूक, मैगजीन और जिंदा कारतूस, हैंड ग्रेनेड, देशी विस्फोटक, डेटोनेटर, स्कैनर बैटरी, दवाइयाँ तथा अन्य दैनिक उपयोग की नक्सली सामग्री बरामद की गई है। बरामद हथियारों और सामग्री को विधिवत जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अन्य माओवादी कैडरों की तलाश
अभियान में DRG, बस्तर फाइटर्स, STF, CRPF और CoBRA की संयुक्त टीमें शामिल रहीं। आसपास के इलाकों में अभी भी व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि क्षेत्र में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों की तलाश कर उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
निरंतर अभियान चल रहे
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज,  सुन्दरराज पट्टलिंगम ने शेष सक्रिय माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार आत्मसमर्पण करने वालों के पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन के लिए प्रतिबद्ध है।पुलिस अधीक्षक ने दोहराया कि बीजापुर जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है तथा सुरक्षा बल जनता के जान-माल की रक्षा के लिए निरंतर अभियान चला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *