जगदलपुर, 10 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 1 मासूम बच्चे सहित कुल 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक रखेजा ने बताया कि यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास की है। दोनों कारें तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गईं, जिससे भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है। वहीं 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कांकेर लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर उपचार दिया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
फिलहाल इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।