जगदलपुर:- महापौर संजय पाण्डे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में जारी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे। दरअसल सभागार को नया स्वरूप देने के उद्देश्य से चल रहे कार्यों की प्रगति देखने महापौर टाउन हॉल पहुंचे थे। महापौर ने गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा, साथ ही यह भी कहा कि टाउन हॉल शहर की सांस्कृतिक पहचान है, नगर निगम इसे नए स्वरूप में विकसित कर रहा हैं ताकि जगदलपुरवासी बेहतर सुविधाओं के साथ इस ऐतिहासिक सभागार का उपयोग कर सकें। हमारा प्रयास है कि मरम्मत कार्य जल्द पूरा हो और यह स्थल फिर से शहर की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बने। टाउन हॉल में आवश्यक मरम्मत, संरचनात्मक सुधार, आंतरिक उन्नयन और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किए जा रहे हैं और जल्द ही इसे जनता के लिए विकसित स्वरूप में उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके बाद संजय पाण्डे नगर निगम जगदलपुर क्षेत्र के अंतर्गत क्रिकेट बॉक्स यूनिट निर्माण कार्य स्थल का विजिट करने पहुंचे। ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व ही इस कार्य का भूमिपूजन प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया था। डीएमएफटी मद अंतर्गत नगर निगम जगदलपुर में क्रिकेट बॉक्स यूनिट निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसकी लागत 20 लाख रुपये है। महापौर श्री संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि क्रिकेट बॉक्स यूनिट निर्माण से स्थानीय युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा।