जगदलपुर में स्टार्टअप कार्यशाला का आयोजन
जगदलपुर, 11 मार्च . बस्तर जिले के युवाओं में नवाचार और उद्यमिता की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर कार्यालय के प्रेरणा हॉल में एक विशेष स्टार्टअप कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कार्यालय के प्रबंधक श्री सौम्य रंजन मांझी ने शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों, अधिकारियों और उपस्थित हितग्राहियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्यशाला का मुख्य लक्ष्य युवाओं के भीतर छिपे अभिनव विचारों की पहचान करना और उन्हें एक सफल स्टार्टअप के रूप में स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यशाला के दौरान डॉ. तुलिका शर्मा ने स्टार्टअप की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे कम संसाधनों और नई तकनीक के माध्यम से नवाचार किया जा सकता है। उन्होंने बस्तर क्षेत्र में मौजूद स्टार्टअप के संभावित अवसरों और सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए युवाओं को आइडिया से स्टार्टअप तक पहुँचने का मार्ग दिखाया। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए डॉ. रश्मि देवांगन ने इनोवेशन महाकुंभ के महत्व को साझा किया, जो युवाओं को अपनी नई सोच के साथ रोजगार और उद्यम शुरू करने के लिए सक्षम बनाता है. उन्होंने विशेष रूप से आगामी 17 और 18 मार्च को आयोजित होने वाले इस बड़े आयोजन के लिए सभी युवाओं को अपना पंजीयन कराने हेतु प्रेरित किया।
युवाओं को तकनीकी मार्गदर्शन देते हुए इनक्युबेशन सेंटर के माध्यम से स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि वे अपने नवाचारों को व्यावसायिक रूप दे सकें. इसके साथ ही आईटीआई आड़ावाल के प्राचार्य श्री परमेश्वर इड़पाचे ने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए युवाओं का उत्साहवर्धन किया, जबकि आरसेटी संचालक श्री किरण ने उद्यमिता से जुड़े प्रशिक्षणों की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।