श्री ओंकारेश्वर मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियां शुरू

यज्ञशाला निर्माण हेतु हुआ विधिवत भूमिपूजन

3 से 7 फरवरी तक होगा भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव

जगदलपुर: शहर के मैत्री संघ मार्ग स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को यज्ञशाला निर्माण एवं आमंत्रण कार्ड वितरण के लिए विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन संपन्न हुआ। धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर यज्ञशाला निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
यह धार्मिक आयोजन 3 फरवरी से 7 फरवरी तक पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें नगर सहित वार्डों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर समिति एवं स्थानीय वार्ड वासियों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
मंदिर समिति के अनुसार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत 3 फरवरी मंगलवार को दोपहर 3 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कलश यात्रा नगर भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी, जिसमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी।
4 फरवरी बुधवार को मंडप प्रवेश एवं मंडल देवता स्थापना का आयोजन किया जाएगा। 5 फरवरी गुरुवार को देवता अधिवास, महा-स्नान, नगर परिक्रमा, रत्न गर्भ प्रतिष्ठा एवं शिखर कलश प्रतिष्ठा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। मुख्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम 6 फरवरी शुक्रवार को अभिजित मुहूर्त में दोपहर 12:15 बजे से 1:56 बजे के मध्य विधिवत संपन्न कराया जाएगा। इसी दिन देवता गर्भ प्रवेश का अनुष्ठान भी किया जाएगा।
मंदिर में श्री ओंकारेश्वर महादेव, भगवान श्री गणेश, माँ दुर्गा, राम दरबार, भगवान हनुमान, माता संतोषी की मूर्ति स्थापित की जाएगी। महोत्सव का समापन 7 फरवरी शनिवार को दोपहर 1 बजे से प्रभु इच्छा तक महा-प्रसाद भंडारे के साथ होगा। मालूम हो कि वार्ड का यह मंदिर 100 साल पुराना है। जिसका जीर्णोद्धार कर इसे नया स्वरूप दिया गया है।

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर में होने वाला प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह वार्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को भी सुदृढ़ करेगा। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मैं सभी श्रद्धालुओं से अपील करता हूं कि पारंपरिक वस्त्र धारण कर इस पावन अवसर में सहभागी बनें, भगवान श्री ओंकारेश्वर के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करें और आयोजन को सफल बनाएं। महापौर ने आगे बताया कि आयोजन के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी आयोजन श्री ओंकारेश्वर मंदिर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, मैत्री संघ मार्ग, जगदलपुर में संपन्न होगा। प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर शहर तथा वार्ड में विशेष उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति भाव से इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *