कांकेर/ जिले के नंदनमारा क्षेत्र में बीती रात एक तेंदुआ देखे जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ कचरे में फेंके गए मुर्गे के मांस को खाने के लिए गांव के पास पहुंचा था। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय जब वे रास्ते से गुजर रहे थे, तभी अचानक उनकी नजर तेंदुए पर पड़ी। यह घटना कांकेर फॉरेस्ट रेंज के अंतर्गत हुई है। अचानक इतने करीब तेंदुए की मौजूदगी ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस वन क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही आम बात है, लेकिन इस तरह गांव के नजदीक तेंदुए का दिखाई देना चिंता का विषय बन गया है। वहीं, कांकरे के कई इलाकों में पहले से ही भालुओं की मौजूदगी को लेकर लोग परेशान हैं।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।