जगदलपुर/ . रविवार की शाम जगदलपुर का दलपत सागर लगभग तीन लाख दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। नगर निगम प्रशासन व जिला प्रशासन की पहल पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, नगर वासियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से एक दीया स्वच्छता के नाम और एक दीया वन्दे मातरम के नाम दीपोत्सव के इस कार्यक्रम को लेकर शहर के सभी वर्गों में गजब का उत्साह देखने को मिला। वहीं रानी घाट में पूजा अर्चना के बाद एक साथ तीन लाख दीयों की रोशनी में दलपत सागर की सुंदरता भी कई गुना बढ़ गई। इस दौरान दलपत सागर के किनारों में जलते दीपक और जगमग रोशनी से थल और नभ को रोशनी से भर दिया। दलपत सागर के आसपास दीप उत्सव पर जमकर आतिशबाजी भी की गई,जिससे पूरा माहौल उल्लासमय हो गया। सभी लोगों ने शाम 8 बजे भव्य आतिशबाजी के साथ दीया को जलाया। इस मौके वन्दे मातरम की 150 वीं जयंती के अवसर पर वन्दे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। वहीं कार्यक्रम में बादल के कलाकारों द्वारा बस्तर की पारंपरिक लोकगीतों की मधुर प्रस्तुति दी गई।