जगदलपुर . नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) के आह्वान पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, जगदलपुर का घेराव किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर राजनीतिक द्वेष के तहत विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला पूरी तरह राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े नेशनल हेराल्ड अखबार की विरासत को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया।
घेराव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।