कलेक्टर श्री आकाश छिकारा का औचक निरीक्षण स्कूल, अटल टिंकरिंग लैब और आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

जगदलपुर, 12 मार्च . कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने करपावंड स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से गणित से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। जवाब देने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें चॉकलेट वितरण किया। कलेक्टर ने स्कूल के प्राथमिक शाला के बच्चों से संवाद कर मध्याह्न भोजन की स्थिति की जानकारी ली तथा प्रैक्टिकल लैब के शिक्षकों से विद्यार्थियों को प्रयोग करवाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने बकावंड विकासखंड के सरगीपाल स्कूल में संचालित अटल टिंकरिंग लैब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों ने बताया कि बायो-मटेरियल वेस्ट मैनेजमेंट पर आधारित एक मॉडल को राज्य स्तर पर प्रदर्शित किया गया है। कलेक्टर ने 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए लैब में प्रैक्टिकल रोस्टर की जानकारी ली और भौतिकी, जीव विज्ञान तथा रसायन शास्त्र प्रयोगशालाओं में रखे उपकरणों व सामग्रियों की तिथियों का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबे समय से रखे प्रायोगिक सामानों का निर्धारित समय सीमा में उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण प्रदान कर अधिक अंक प्राप्त करने और बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के लिए प्रयास करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सरगीपाल हाईस्कूल में संचालित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा का भी अवलोकन किया और परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इसके बाद कलेक्टर ग्राम क्षमापुर के सुंडीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर उनसे संवाद किया और बच्चों को टॉफी वितरित की। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में दी जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *