कांकेर में रिहायशी इलाके में भालुओं की दस्तक

कांकेर, 27 जनवरी | जिले में रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की आमद का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात कांकेर वन परिक्षेत्र के नेशनल हाईवे-30 स्थित उदयनगर क्षेत्र में तीन भालुओं का झुंड देखे जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। भालुओं की मौजूदगी के चलते स्थानीय लोगों और राहगीरों में भय का माहौल बन गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जंगलों में भोजन और पानी की कमी के कारण वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों से सतर्क रहने की अपील की। हालांकि, ग्रामीणों ने विभाग से गश्त बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *