भाटपाल में स्वास्थ्य सुविधाओं का किया निरीक्षण
जगदलपुर, 31 जनवरी शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने शनिवार को बस्तर विकासखंड का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और भाटपाल के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि मौके पर मौजूद समस्याओं का तत्काल निराकरण भी करवाया।
कलेक्टर का इस दौरे में मानवीय संवेदना और प्रशासनिक तत्परता का अनूठा पहल देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का विशेष ध्यान 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पर रहा। जब उनके संज्ञान में यह बात आई कि आधार अपडेट न होने और फेस ऑथेंटिकेशन जैसी तकनीकी खामियों के चलते कुछ बुजुर्गों के कार्ड नहीं बन पा रहे हैं, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि तकनीकी बाधाओं को कारण बताकर हितग्राहियों को लौटाया नहीं जा सकता। उनकी मौजूदगी में ही दोबारा प्रयास किया गया और तकनीकी अड़चनों को दूर करते हुए मौके पर ही बुजुर्ग का कार्ड बनाया गया। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संवेदनशीलता के साथ प्रयास किया जाए l स्वास्थ्य सुविधाओं के डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए कलेक्टर श्री छिकारा ने मैदानी अमले को आभा आईडी’ के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले मरीजों की केवल पर्ची न काटी जाए, बल्कि उनकी डिजिटल आईडी तैयार की जाए। इसका लाभ यह होगा कि मरीज का पूरा मेडिकल इतिहास डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा। भविष्य में यदि वह मरीज किसी बड़े अस्पताल में रेफर होता है, तो वहां के डॉक्टरों को यह पता लगाने में आसानी होगी कि पूर्व में उसका क्या इलाज हुआ है और उसे कौन सी दवाइयां दी गई हैं। इसके साथ ही गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग पर फोकस करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अगले चरण में कलेक्टर भाटपाल स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुँचे। यहाँ उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, विशेषकर टीकाकरण और संस्थागत प्रसव का लाभ दूरस्थ अंचलों तक शत-प्रतिशत पहुँचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र हितग्राही सेवाओं से वंचित न रहे। कलेक्टर श्री छिकारा के इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, एसडीएम श्री गगन शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सी मैत्री, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रीना लक्ष्मी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ नारायण नाग सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।