
जगदलपुर. दुर्ग में 5 साल की मासूम के साथ हुई दरिंदगी और प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर बस्तर में महिला कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। बस्तर जिला महिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वाधान में शहर अध्यक्ष लता निषाद और ग्रामीण अध्यक्ष चंपा ठाकुर के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य की कानून व्यवस्था को लचर बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। साथ ही आंगनबाड़ी महिलाओं की साड़ियों में हुए कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। आक्रोशित महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसजन सहित बस्तर जिला महिला कांग्रेस शहर व ग्रामीण इकाई के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।