बस्तर कलेक्टर श्री छिकारा ने राजस्व पखवाड़ा शिविरों का किया औचक निरीक्षण

जगदलपुर, 4 अप्रैल . बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने आज राजस्व सेवाओं को सुदृढ़ करने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से तहसील जगदलपुर के अंतर्गत ग्राम बाबूसेमरा एवं खुटपदर में आयोजित ‘राजस्व पखवाड़ा’ शिविरों का औचक निरीक्षण शनिवार को किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही वहां उपस्थित ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें राजस्व विभाग द्वारा दी जा रही विभिन्न सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों से उनकी भूमि और राजस्व संबंधी समस्याओं के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का निराकरण पूरी पारदर्शिता और गति के साथ सुनिश्चित किया जाए।
राजस्व पखवाड़े की सफलता उस समय धरातल पर दिखी जब कलेक्टर ने त्वरित निराकृत हुए प्रकरणों के हितग्राहियों को मौके पर ही संबंधित दस्तावेज वितरित किए। ग्राम बाबूसेमरा के आवेदक पावली और सामनाथ सहित ग्राम खुटपदर के सोनाधर को उनके बहुप्रतीक्षित ‘किसान किताब’ प्रदान की गई। इसी प्रकार खुटपदर के ही नीरज को उनका ‘जन्म प्रमाण पत्र’ सौंपा गया, जिससे ग्रामीणों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। इस औचक निरीक्षण और संवाद के दौरान कलेक्टर के साथ सहायक कलेक्टर श्री विनीत दुबे, जगदलपुर के अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, भू-अभिलेख अधीक्षक डॉ. मोहन भारद्वाज, तहसीलदार श्री राहुल गुप्ता एवं नायब तहसीलदार श्री लखीराम पांडे सहित अन्य राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने शिविर में आए अन्य आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया को गति दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *