भैरमगढ़ के अंकित सकनी ने किया UPSC सिविल सर्विस 2025 परीक्षा क्रैक, 816वीं रैंक किया हासिल

बीजापुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा सिविल सर्विस परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी अंकित सकनी ने 816वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। अंकित सकनी, सकनी चन्द्रया के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले के साथ-साथ परधान समाज में भी गर्व और उत्साह का माहौल है।

अंकित सकनी के पिता सकनी चन्द्रया और माता जमुना सकनी दोनों ही सक्रिय रूप से राजनीति से जुड़े हुए हैं। ऐसे में राजनीतिक परिवार से आने के बावजूद अंकित ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली UPSC सिविल सर्विस परीक्षा में सफलता हासिल कर नया मुकाम हासिल किया है।

जैसे ही परिणाम की जानकारी लोगों तक पहुंची, भैरमगढ़ सहित पूरे बीजापुर जिले में खुशी का माहौल बन गया। रिश्तेदारों, मित्रों और समाज के लोगों द्वारा फोन कॉल और संदेशों के माध्यम से अंकित और उनके परिवार को लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंकित की यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और इससे क्षेत्र के कई युवा भविष्य में सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए आगे आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *