बीजापुर । जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुंजेपर्ती के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सुरक्षा बल ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादी गतिविधियों से संबंधित डम्प बरामद किया है। डम्प से नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम गुंजेपर्ती के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों द्वारा संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बल ने इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया। इसके तहत 22 नवंबर को उसूर थाना से लगभग 20 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित गुंजेपर्ती के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के दौरान संदिग्ध डम्प बरामद किया गया। बरामद सामग्री में नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा, सोल्डरिंग मशीन, विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैटरी, चार्जर, टॉर्च, एलईडी लैंप, मल्टीमीटर तथा मेडिकल एवं दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल हैं। पुलिस ने सामग्री जब्त कर थाना उसूर में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। बरामद उपकरणों और अन्य सामग्रियों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। बीजापुर पुलिस के अनुसार, जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ विकास गतिविधियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और डी-माइनिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल या अन्य स्थानों पर किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें। ऐसी वस्तुओं को छूने या उनके पास जाने से बचें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें।