जिला अस्पताल सुकमा की डिजिटल क्रांति और मरीज-केंद्रित सेवाओं पर केंद्र की मुहर

10 मिनट में व्हाट्सएप पर मिली जांच रिपोर्ट से अभिभूत हुई सीआरएम टीम

सुकमा/ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से जिला अस्पताल सुकमा में स्थापित आधुनिक एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सुविधाओं की केंद्रीय समीक्षा मिशन (CRM) की उच्चस्तरीय टीम ने मुक्तकंठ से सराहना की है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) के अपर महानिदेशक (ADG) डॉ. रघुराम राव के नेतृत्व में छह सदस्यीय केंद्रीय दल ने अस्पताल का सघन निरीक्षण किया। प्रशासन की पारदर्शी कार्यप्रणाली और त्वरित सेवा वितरण को परखने के लिए स्वयं डॉ. रघुराम राव ने ABHA ID के माध्यम से अपना पंजीयन कराया और अटल आरोग्य लैब में HbA1c की जांच कराई। डिजिटल स्वास्थ्य नवाचारों का जीवंत प्रमाण तब देखने को मिला, जब महज 10 मिनट के भीतर जांच रिपोर्ट सीधे उनके व्हाट्सएप पर प्राप्त हो गई, जिसे केंद्रीय दल ने सुदूर अंचल में सुशासन और तकनीक के बेहतरीन तालमेल का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल ने अस्पताल में संचालित NextGen प्रणाली, पीडियाट्रिक, ऑर्थोपेडिक, नेत्र रोग और NCD ओपीडी सहित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) भवन तथा नेत्र ऑपरेशन थिएटर (Eye OT) की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने आईपीडी वार्ड में भर्ती मलेरिया, सर्पदंश, टीबी और मोतियाबिंद के मरीजों से सीधा संवाद कर मिल रहे निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार का फीडबैक लिया, जिस पर मरीजों ने पूर्ण संतोष व्यक्त किया। इसके साथ ही, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित कैशलेस उपचार दिलाने हेतु जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच बने ‘व्हाट्सएप रैपिड रिस्पॉन्स ग्रुप’ और PM-RAHAT योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की भी केंद्रीय टीम ने विशेष प्रशंसा की।

इस छह सदस्यीय केंद्रीय समीक्षा दल में डॉ. रघुराम राव के साथ डॉ. सुमेद पैकराव (रिसर्च ऑफिसर, रीजनल आयुर्वेदा), डॉ. निधि तिवारी (सीनियर कंसल्टेंट-HMIS), डॉ. सुरभि यादव (मेडिकल कंसल्टेंट, DGHS), डॉ. देवजीत बोरा (सीनियर कंसल्टेंट, RRC-NE) और श्री मुकेश पंत (सीनियर कंसल्टेंट, NHSRC) शामिल रहे। टीम ने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बताते हुए भविष्य में सेवाओं के और अधिक विस्तार के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

जिला प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं में आए इस सकारात्मक बदलाव को धरातल पर उतारने में स्थानीय अधिकारियों की टीम की सक्रिय भूमिका रही। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे, सिविल सर्जन डॉ. एम.आर. कश्यप, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री गीतू हरित, जिला अस्पताल प्रबंधक श्री आशीष बोस और जिला परियोजना समन्वयक श्री अमृतेश सिंह सहित अस्पताल के समस्त चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय टीम का यह सफल भ्रमण जिला प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत सुकमा जैसे संवेदनशील और दूरस्थ जिले के अंतिम व्यक्ति तक महानगरों जैसी त्वरित, पारदर्शी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। डिजिटल पंजीयन, मिनटों में जांच रिपोर्ट और आपातकालीन सेवाओं में त्वरित समन्वय ने जिला अस्पताल सुकमा को प्रदेश के अग्रणी और आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *