गौर सिंग व गेड़ी नृत्य की बिखरी छटा, वीर सपूतों के परिजनों का हुआ सम्मान
जगदलपुर, 18 नवंबर. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर मनाए जा रहे ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ के अंतर्गत बुधवार, 18 नवंबर को स्थानीय शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में वक्ताओं ने जनजातीय महानायकों के बलिदान को नमन करते हुए समाज की एकजुटता, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और नक्सलवाद के खात्मे के बाद तेजी से विकसित हो रहे नए बस्तर की तस्वीर पेश की। समारोह के दौरान जनजातीय संस्कृति, इतिहास और विकास की विविध झलकियां देखने को मिलीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में बस्तर के जनजातीय समुदाय से जुड़े स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं क्रांतिकारी नायकों के परिजनों का विशेष सम्मान किया गया। सांस्कृतिक उल्लास को बढ़ाने के लिए आयोजित जिला स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव की पारंपरिक नृत्य प्रतियोगिता में लामकेर के गेड़ी नर्तक दल, छिंदावाड़ा के धुरवा मंडई नृत्य और किलेपाल के गौर सिंग नर्तक दल ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इसके साथ ही क्षेत्र की उपलब्धियों को दर्शाती जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका समापन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव ने स्थानीय हल्बी और हिंदी भाषा में आत्मीय उद्बोधन देकर जनसमूह का दिल जीत लिया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से अपने असली रोल मॉडल चुनने का आह्वान करते हुए बस्तर के वीर सपूतों-गुंडाधुर, डेबरीधुर, शहीद वीर नारायण सिंह, कुंवर गेंद सिंह और शहीद झाड़ा सिरहा के बलिदान को याद किया। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर जनजातीय समाज की बेटी आसीन हैं और छत्तीसगढ़ को पहली बार श्री विष्णु देव साय के रूप में एक आदिवासी मुख्यमंत्री का नेतृत्व मिला है।
केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विधायक श्री देव ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाकर विकास की जो नींव रखी थी, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उस पर अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2014-15 में जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट लगभग 4,497 करोड़ रुपये था, जिसे वर्तमान में बढ़ाकर 14,926 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास हेतु 24,104 करोड़ रुपये की पीएम जनमन योजना लागू की गई है, जिससे देश के 63,000 गांवों और 5 करोड़ से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है, वहीं धरती आबा अभियान से 64,000 गांव लाभान्वित हो रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि देशभर में 726 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, राज्य में महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है और समाज को सिकलसेल एनीमिया से मुक्त करने का संकल्प तेजी से पूरा हो रहा है।
बस्तर की बदलती तस्वीर पर बात करते हुए विधायक श्री देव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप बस्तर से नक्सलवाद का अंधकार समाप्त हो रहा है। जिन अंदरूनी इलाकों में कभी डर के मारे सन्नाटा पसरा रहता था, वहां आज सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, पेयजल और मोबाइल टावर लगने से विकास की नई किरण पहुंची है। उन्होंने कहा कि इसी शांति और विश्वास का परिणाम बस्तर ओलंपिक है, जिसमें ब्लॉक से संभाग स्तर तक बस्तर की प्रतिभाएं निखरकर राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने को तैयार हैं। बस्तर की अनूठी सांस्कृतिक विविधता की सराहना करते हुए उन्होंने हर 20 किलोमीटर पर बदलने वाली बोली, खान-पान और हलबी, भतरी, गोंडी, धुरवा, मुरिया व दोरला संस्कृतियों के संगम को इस भूमि की असली खूबसूरती बताया। अपने 700-800 वर्षों के पारिवारिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाज के हर सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहने का विश्वास दिलाया।