सैनिक स्कूल जेपी इंटरनेशनल स्कूल, कांकेर में कक्षा छठवीं में मिलेगा प्रवेश

31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा

कांकेर। सैनिक स्कूल में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए देशभर के सैनिक स्कूलों एवं नवीन सैनिक स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का आयोजन 31 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभिभावक 2 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

बस्तर संभाग के प्रथम न्यू सैनिक स्कूल जेपी इंटरनेशनल स्कूल, कांकेर में कक्षा छठवीं में प्रवेश इसी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दिया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य रितेश कुमार चौबे ने बताया कि इस विद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के संस्कार विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से बस्तर अंचल के बच्चों को अपने ही क्षेत्र में सैनिक स्कूल स्तर की शिक्षा प्राप्त करने और भविष्य में रक्षा सेवाओं में जाने की तैयारी करने का अवसर मिल रहा है।

इस वेबसाइट पर करें ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के प्रवेश के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, पाठ्यक्रम और उपलब्ध सीटों से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक सूचना पुस्तिका में दी गई है।

 

एनटीए द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी रात 11:50 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर 2026 तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।

परीक्षा शुल्क सामान्य, ओबीसी (एनसीएल), रक्षा एवं भूतपूर्व सैनिक वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 850 रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 700 रुपये निर्धारित किया गया है।

AISSEE-2027 की परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। परीक्षा शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी, जबकि प्रवेश पत्र 25 जनवरी 2027 से एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।

एनटीए हेल्पडेस्क नंबर 011-40759000

आवेदन प्रक्रिया या परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पडेस्क नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा aissee@nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *