जगरगुंडा से सुकमा तक खेल मैदानों में दिखा उत्साह, युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी ले रहे बढ़-चढ़कर हिस्सा
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ सुविधाओं का विशेष ध्यान, नाश्ता, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था
सुकमा/ बस्तर की माटी में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘बस्तर ओलंपिक 2026-27’ का आज भव्य शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में ‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह खेल महाकुंभ जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में खेल उत्सव का माहौल बना रहा है। जगरगुंडा से लेकर सुकमा तक विभिन्न क्लस्टरों में जनप्रतिनिधियों ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर अब अंदरूनी गांवों के खिलाड़ी भी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ खेल मैदानों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंच रहे हैं।
बस्तर ओलंपिक के माध्यम से जिला प्रशासन का प्रयास है कि गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तथा युवाओं को खेलों के जरिए सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए। प्रतियोगिताओं का आयोजन क्लस्टर, विकासखंड और जिला स्तर पर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ते हुए बड़े मंच तक पहुंच सकें। 16 से 19 नवंबर तक विभिन्न क्लस्टरों में प्रारंभिक मुकाबले, 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं तथा 26 एवं 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम एवं पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय स्पर्धाएं आयोजित होंगी। जूनियर एवं सीनियर वर्ग में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेल विधाओं में मुकाबले होंगे।
इस आयोजन की खासियत यह है कि खेलों को केवल युवाओं तक सीमित न रखते हुए महिलाओं और बुजुर्गों को भी खेल गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दूरस्थ वनांचल के खिलाड़ियों की भागीदारी से खेल मैदानों में उत्साह और सामूहिक सहभागिता का वातावरण दिखाई दे रहा है। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए मैदानों में आकर्षक सेल्फी स्टैंड भी बनाए गए हैं, जहां खिलाड़ी अपनी यादगार तस्वीरें ले रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नाश्ता, दोपहर का भोजन, स्वच्छ पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रतियोगिताओं के सुव्यवस्थित संचालन और खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। विभिन्न क्लस्टरों में एसडीएम, तहसीलदार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी लगातार आयोजन की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की निगरानी कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और ग्रामीणों के उत्साह ने इस आयोजन को खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता के उत्सव का स्वरूप दिया है।
बस्तर ओलंपिक केवल पदक और पुरस्कार जीतने का मंच नहीं, बल्कि सुकमा के दूरस्थ अंचलों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और नई उम्मीदों का संचार करने वाली पहल है। खेलों के माध्यम से युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने तथा क्षेत्र में शांति, विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। प्रशासन का लक्ष्य है कि गांवों से निकलने वाली प्रतिभाएं विकासखंड और जिला स्तर से आगे बढ़कर संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सुकमा और बस्तर का नाम रोशन करें। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को पहचान और अवसर देकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।