एमआईसी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय, दलपत सागर रोड पर मलबा डालने वालों पर लगेगा 10 हजार जुर्माना

जगदलपुर, 29 अक्टूबर .  नगर पालिका निगम जगदलपुर में गुरुवार को महापौर संजय पांडे एवं निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन की उपस्थिति में मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, सड़क चौड़ीकरण और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में दलपत सागर रोड पर मलबा डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। ऐसे लोगों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, मलबा डालने वालों की सूचना नगर निगम को देने वाले नागरिकों को निगम द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य शहर की स्वच्छता बनाए रखना और सार्वजनिक स्थानों पर मलबा डालने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना है।

सड़क चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर विचार

बैठक में नगरोत्थान योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर विचार किया गया। इनमें लाल चर्च से नगर निगम कार्यालय एवं बस स्टैंड रोड तक, नयामुंडा रोड से साकेत कॉलोनी तक, डीजे कोर्ट से चांदनी चौक होते हुए सिटी ग्राउंड तक तथा छत्रपति शिवाजी वार्ड में पुराने पंचायत कार्यालय से डॉक्टर पाढ़ी हाउस तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा माता गुड्डी से एमपीएम हॉस्पिटल तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इन कार्यों के लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।

प्रतिमा स्थापना और वार्डों में विकास कार्यों को लेकर चर्चा

बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य के प्रस्ताव को शासन को भेजने के संबंध में विचार किया गया।

इसके साथ ही शहर के समस्त वार्डों में नाली, सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने पर भी चर्चा एवं निर्णय लिया गया।

पांच मिनी टिप्पर वाहनों की खरीदी पर विचार

नगर निगम की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत पांच मिनी टिप्पर वाहनों की खरीदी के प्रस्ताव पर विचार किया गया।

बैठक में राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदन पत्रों की स्वीकृति से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

ये रहे उपस्थित

एमआईसी की बैठक में एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, लक्ष्मण झा, सुरेश गुप्ता, राणा घोष, श्वेता बघेल,त्रिवेणी रंधारी, कलावती कसेर, योगेंद्र पांडे, संग्राम सिंह राणा एवं संजय विश्वकर्मा सहित निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *