जगदलपुर, 19 अक्टूबर । नक्सलमुक्त बस्तर में इन दिनों आस्था, धर्म और सांस्कृतिक उत्सवों की रौनक देखने को मिल रही है। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी आम लोगों के बीच शामिल होकर पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं।बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा बस्तर दशहरा की फूल परिक्रमा में अपने बेटे के साथ पहुंचे।
उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच रहकर पूजा-अर्चना की और फूल रथ के दर्शन किए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित अन्य अधिकारी भी बस्तरिहा पागा पहनकर आम लोगों के साथ शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने कलेक्टर के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।नवमी के अवसर पर कलेक्टर ने पत्नी के साथ मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर हवन में सहभागिता की।
दूसरी ओर, दंतेवाड़ा पदयात्रियों की सेवा के लिए परपा थाना पुलिस ने केसलूर चौकी के पास पेयजल और नींबू शरबत की व्यवस्था की।इधर, सुकमा पुलिस लाइन में 17 अक्टूबर को महिला पुलिसकर्मियों, कमांडोज और शहीद जवानों के परिवारों के लिए गरबा-डांडिया महोत्सव आयोजित किया गया। एसपी मयंक गुर्जर की पहल पर हुए इस आयोजन में पुलिस अधिकारियों और परिवारों ने उत्साह से भाग लिया।बस्तर में ये आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता की तस्वीर पेश कर रहे हैं।