पढ़ेगा भारत, तभी तो बढ़ेगा भारत : शिवनारायण पाण्डेय

 

बस्तर जिला आर्थिक प्रकोष्ठ ने बाढ़ प्रभावित 72 विद्यार्थियों को वितरित की शिक्षण सामग्री

जगदलपुर, 15 अक्टूबर। बस्तर जिले में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित विद्यार्थियों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रखने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के जिला आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा शिक्षण सामग्री वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को आसन के तमाकोनी ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावित 72 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपी, कंपास बॉक्स, पेंसिल, रबर, कटर एवं पेन सहित अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि “पढ़ेगा भारत, तभी तो आगे बढ़ेगा भारत।” उन्होंने कहा कि जब तक देश का प्रत्येक बच्चा शिक्षित नहीं होगा, तब तक भारत को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने का सपना साकार नहीं हो सकता। एक शिक्षित समाज ही मजबूत अर्थव्यवस्था का निर्माण कर सकता है।

उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही माधव सेवा है। समाज को सशक्त और सक्षम बनाने के लिए शिक्षा तथा उससे जुड़े आधारभूत संसाधनों की उपलब्धता आवश्यक है। जब समाज के लोग एक-दूसरे का सहयोग करते हैं और बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आते हैं, तभी एक सुदृढ़ समाज और आर्थिक रूप से सक्षम राष्ट्र का निर्माण संभव होता है।

बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों की मदद के लिए आर्थिक प्रकोष्ठ की पहल

गौरतलब है कि बस्तर जिले में बीते दिनों आई भीषण बाढ़ से अनेक ग्रामों और शहरी बस्तियों को नुकसान पहुंचा था। बाढ़ के कारण कई विद्यार्थियों की पुस्तकें, कॉपियां, स्कूल बैग एवं अन्य शिक्षण सामग्री नष्ट हो गई थी। इससे प्रभावित बच्चों को विद्यालय जाकर पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

विद्यार्थियों की इस समस्या को देखते हुए भाजपा जिला आर्थिक प्रकोष्ठ ने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर ऐसे विद्यार्थियों को चिह्नित किया, जिनकी शिक्षण सामग्री बाढ़ में नष्ट हो गई थी। इसके बाद उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का अभियान शुरू किया गया।

आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा अब तक डोंगाघाट, कोहकापाल, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड एवं आसन क्षेत्र के तमाकोनी ग्राम में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की जा चुकी है। प्रकोष्ठ के सदस्यों ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि बाढ़ प्रभावित बच्चों की शिक्षा बाधित न हो।

आर्थिक प्रकोष्ठ अपने नाम के अनुरूप कर रहा सराहनीय कार्य : वेद प्रकाश पाण्डेय

भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला आर्थिक प्रकोष्ठ अपने नाम के अनुरूप समाज के आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जनसेवा के विभिन्न कार्यों में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रकोष्ठ ने बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने का जो बीड़ा उठाया है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने इस पहल के लिए आर्थिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है। भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता का सुख भोगने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा और सुख-समृद्धि के लिए कार्य करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *