किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुविधाओं पर फोकस

 

कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में की व्यापक समीक्षा

सुकमा/ कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति और जनसमस्याओं के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आम जनता को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें और कार्यों में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही न बरतें।

जनशिकायतों के समाधान से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक विशेष फोकस कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, प्रधानमंत्री पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन, बस्तर मुन्ने और लोक सेवा केंद्र से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आम नागरिकों को संतोषजनक समाधान देने के उद्देश्य से होना चाहिए। साथ ही स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, नवजात बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी करने, विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में सुधार, छात्रवृत्ति और जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया। पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, वीबी-जी रामजी के कार्यों में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा पोषण पुनर्वास केंद्र के शेष कार्य पूरे करने के निर्देश भी दिए गए।

किसानों की सुविधा और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को मिलेगी गति आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, शौचालय और किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थान की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने, एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों और वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टाधारी किसानों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच सके।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समग्र विकास की नियमित होगी निगरानी कलेक्टर श्री अमित कुमार ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को निर्माण कार्यों का समय पर मूल्यांकन करने तथा उनकी गुणवत्ता और प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सिंचाई सुविधाओं के विकास और रामाराम गांव को सोलर युक्त ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं, जनशिकायतों और विकास कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, जनसुविधाओं में सुधार और जिले के समग्र विकास को गति देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *