छोटे आमाबाल में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

 

जिला पंचायत अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों को किया सम्मानित

जगदलपुर, 02 अक्टूबर . महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गुरूवार को ग्राम छोटे आमाबाल में सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप सम्मिलित हुईं।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने गांव-गांव में स्वास्थ्य व पोषण की अलख जगाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने जमीनी स्तर पर सेवा दे रहीं इन कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों तक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जन-जागरूकता संबंधी सेवाओं को पहुंचाने में इन सभी बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक स्वस्थ परिवार ही सशक्त समाज की नींव होता है, और हमारी कार्यकर्ता बहनें इस दिशा में निरंतर निष्ठापूर्वक कार्य कर रही हैं।
आयोजन के दौरान उपस्थित महिलाओं और कार्यकर्ताओं के साथ पोषण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद भी हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *