
विकासखण्ड स्तरीय सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने नक्सलवाद, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य और विकसित भारत 2047 पर व्यक्त किए विचार
नारायणपुर, 30 सितंबर 2026// प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा बच्चों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन के दिशा-निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्र नाथ पांडेय तथा जिला मिशन समन्वयक श्री डी.बी. रावटे के मार्गदर्शन में विकासखण्ड ओरछा में विकासखण्ड स्तरीय सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
अबूझमाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन दो स्थानों—कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, ओरछा एवं प्राथमिक शाला कुरूषनार में आयोजित किया गया, ताकि विकासखण्ड के दूरस्थ क्षेत्रों के अधिकाधिक बच्चे इसमें सहभागी बन सकें।
बच्चों की कल्पना में दिखा विकसित भारत का सपना
प्रतियोगिता में प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने नक्सलवाद, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर, विकसित भारत @2047, महिला सशक्तिकरण, मेरे सपनों का भारत सहित विभिन्न विषयों पर चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से अपने विचार खुलकर व्यक्त किए।
बच्चों की प्रस्तुतियों में जहां एक ओर हिंसा और नक्सलवाद से मुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित समाज की कल्पना दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता, शिक्षा, तकनीक, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्र सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का संदेश भी स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आया।
ओरछा में जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, ओरछा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री गुड्डू राम उसेंडी जिला पंचायत सदस्य, विशेष अतिथि के तौर पर सरपंच अजीत मांझी ,श्रीमती सरस्वती गोटा भाजपा ब्लॉक महिला मोर्चा ,सुखराम पोडियम भाजपा मंडल अध्यक्ष आदि उपस्थित रहे। इसी प्रकार प्राथमिक शाला कुरूषनार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती शांति सलाम, जिला पंचायत सदस्य, विशेष अतिथि श्री मंगडू राम नूरेटी तथा सरपंच श्रीमती कमली बाई एवं जनपद सदस्य श्रीमती माहेश्वरी कोवाची की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अबूझमाड़ के बच्चों ने दिया सकारात्मक बदलाव का संदेश
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से यह संदेश दिया कि शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के माध्यम से अबूझमाड़ का बच्चा भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकता है।
दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाया।
विकासखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों से बच्चों की सहभागिता ने सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं अभिव्यक्ति क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
सफल आयोजन में शिक्षा विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान
विकासखण्ड स्तरीय सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन में खंड शिक्षा अधिकारी श्री संतु नूरेटी, खंड स्रोत समन्वयक श्री लक्ष्मी कांत सिंह एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी श्री संतोष पात्र के नेतृत्व में करुषनार के संस्था प्रमुख रामकीर्तन मरकाम ,कन्हैया लाल मांझी संकुल समन्वयक कुरूसनार एवं ओरछा विकासखण्ड के सभी 22 संकुल समन्वयकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने, दूरस्थ क्षेत्रों से बच्चों को आयोजन स्थल तक लाने तथा प्रतियोगिताओं को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में शिक्षकों एवं संकुल स्तर की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से अबूझमाड़ के बच्चों ने अपने चित्रों और शब्दों में जिस भारत की कल्पना प्रस्तुत की, वह शिक्षा, शांति, स्वच्छता, तकनीकी प्रगति, सशक्त नागरिक और राष्ट्र निर्माण की भावना से परिपूर्ण भारत का संदेश देती है।