नियद नेल्लानार के गांवों में पहुंचे, ग्रामीणों से बात कर जाना वस्तुस्थिति
सड़क-बिजली-पानी-शिक्षा सहित विकास कार्यों का किया प्रत्यक्ष अवलोकन

सुकमा/ नई दिल्ली से आए 50 सदस्यीय इंफ्लूएंसर दल ने मंगलवार को सुकमा सहित नियद नेल्लानार क्षेत्र का व्यापक फील्ड विजिट कर सुकमा और बस्तर में हो रहे बदलावों को करीब से देखा। दल ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र में आए बदलावों की जानकारी ली। इस दौरान पुनर्वास केंद्र पहुंचकर पुनर्वासित युवाओं से बातचीत की और उनके अनुभव जाने। वहीं साइंस पार्क में विद्यार्थियों से मुलाकात कर शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक गतिविधियों की जानकारी ली।
इंफ्लूएंसर दल ने सुकमा पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर से मुलाकात कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, शांति और विकास से जुड़े प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। दल ने ताड़मेटला पहुंचकर 76 जवानों के शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और स्थानीय लोगों से संवाद किया। इसके बाद जगरगुंडा क्षेत्र में विकास कार्यों का अवलोकन किया। लखापाल में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम ‘निवड़ दुवाड़ ते’ का भी अवलोकन किया और ग्रामीणों से मुलाकात की। वर्षों बाद केरलापाल में पुनः खुले राम मंदिर पहुंचकर दल के सदस्यों ने दर्शन भी किए।
फील्ड विजिट का सबसे प्रमुख पड़ाव पुवर्ती गांव रहा, जहां दल ने पहुंचकर संचालित विकास कार्यों का अवलोकन किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया। कभी नक्सल गतिविधियों के प्रभाव वाले इन दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और प्रशासनिक पहुंच के विस्तार को प्रत्यक्ष रूप से देखना दल के सदस्यों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव रहा। इंफ्लूएंसर दल ने कहा कि जमीनी स्तर पर बदलाव को देखने और ग्रामीणों से सीधे संवाद करने से क्षेत्र की वर्तमान तस्वीर को समझने का अवसर मिला। दल के सदस्य सुकमा और बस्तर में शांति, विकास तथा जनसुविधाओं के विस्तार से जुड़े अपने अनुभवों को व्यापक स्तर पर साझा करेंगे। इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी श्री सुखसागर वारे, डीएसपी मुख्यालय श्री सौरभ उइके, एसडीओपी जगरगुंडा श्री प्रभात पटेल सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।